हल्द्वानी। तीनपानी से मंडी तक लगने वाले जाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए लोक निर्माण विभाग कोशिश में लगा है। तीनपानी से मंडी तक की सड़क को चौड़ा करने की योजना है। विभाग ने इसका डिजाइन तैयार कर लिया है। बिजली और पेयजल लाइनें शिफ्ट करने के लिए शासन से एक करोड़ रुपये की धनराशि मिल चुकी है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने कहा कि सड़क की चौड़ाई 14 मीटर चौड़ी होगी। इसके बीच में एक मीटर अलग से डिवाइडर भी होगा। इससे सड़क की कुल चौड़ाई 15 मीटर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क के किनारे की नहर को प्रीकास्ट स्लैब डालकर कवर किया जाएगा। इसके उपर टाइल लगाकर फुटपाथ बनाया जाएगा।
तीनपानी से नरीमन चौराहे तक की सड़क का स्वामित्व लोनिवि को मिलेगा
हल्द्वानी। तीनपानी से लेकर नरीमन चौराहे की सड़क का स्वामित्व अभी एनएचएआई के पास है। लोक निर्माण विभाग ने तीनपानी से गौलापार होते हुए नरीमन चौराहे तक सड़क एनएचएआई को हस्तांतरित कर दी है। अब लोनिवि ने एनएचएआई से तीनपानी से लेकर नरीमन चौराहे तक की सड़क का स्वामित्व लोनिवि को देने का आग्रह किया है। इसके एवज में एकमुश्त 18.67 करोड़ रुपये की धनराशि भी मांगी है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने बताया कि एनएचएआई से जल्द यह सड़क लोनिवि को हस्तांतरित हो जाएगी।