हल्द्वानी। नैनीताल जिले के गोदामों में चावल खत्म होने के कारण राशन कार्डधारकों को अगस्त का चावल नहीं मिल पाया है। ऊधमसिंह नगर की चार मिलें हल्द्वानी और कमलुवागांजा गोदाम में चावल की आपूर्ति नहीं कर रही हैं। जल्द ही चावल नहीं मिला तो अल्मोड़ा आदि जिलों में भी चावल की कमी हो जाएगी।
सरकार कमीशन एजेंट और सरकारी खरीद के माध्यम से धान खरीद करती है। धान खरीदने के बाद इसे कुटने के लिए राइस मिलों को देती है। राइस मिलों को तय समय में धान की कुटाई कर चावल विभाग को देना होता है। सरकार ने राइस मिलों को चावल देने के लिए 31 जुलाई तक का समय दिया था, लेकिन कई राइस मिलों ने तय समय में भी चावल विभाग को नहीं दिया है। अब चावल देने के लिए समय बढ़ा दिया गया है।
इसके बाद भी राइस मिलें हल्द्वानी और कमलुवागांजा गोदाम में चावल नहीं भेज रही हैं। हल्द्वानी गोदाम के लिए रुद्रपुर, किच्छा और कमलुवागांजा गोदाम को बाजपुर, गदरपुर की मिलों ने चावल देना है। सूत्रों की मानें तो चावल की क्वालिटी में विभाग की ओर से कोई समझौता नहीं करने और जांच के बाद ही राशन को लिया जा रहा है। इस कारण मिलें हल्द्वानी, कमलुवागांजा गोदामों में चावल नहीं दे रही हैं।
गोदाम इंचार्ज एसएमओ कृष्ण कुमार ने बताया कि चावल नहीं मिलने के कारण गोदाम खाली हो गए हैं। इस कारण अगस्त माह का चावल सस्ता गल्ला विक्रेतओं को जारी नहीं हो पाया है। चावल का कोटा जारी नहीं होने के कारण जिले के करीब 2.46 लाख राशन कार्डधारकों को अगस्त माह का चावल वितरित नहीं हो पाया है।
मैंने बृहस्पतिवार को ही आरएफसी का चार्ज लिया है। इस बारे में पता कराया जाएगा। मिलों को चावल देना ही होगा। चावल की कमी नहीं होने दी जाएगी।
-जीवन सिंह नागन्याल, आरएफसी कुमाऊं