रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के 10वीं और 12वीं का परीक्षाफल शनिवार सुबह 11 बजे जारी होगा। परीक्षाफल शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय बोर्ड ऑफिस में घोषित करेंगे। कोविड को देखते हुए इस वर्ष परीक्षा के बजाय विद्यार्थियों को प्रमोट किया गया है।
बोर्ड सचिव डॉ. नीता तिवारी ने बताया कि परीक्षा परिणाम छात्रों के नौवी, हाईस्कूल और 11वीं के अंकों को देखकर तैयार किया गया है। परीक्षाफल से असंतुष्ट छात्र एक महीने के अंदर आवेदन कर सकते है। इस वर्ष हाईस्कूल में एक लाख 48 हजार 350 छात्र और इंटरमीडिएट में एक लाख 22 हजार 198 छात्रों को परीक्षा देनी थी। छात्र-छात्राएं परीक्षाफल वेबसाइट www.ubse.uk.gov.in, uaresults.nic.in पर देख सकते हैं। (संवाद)