हल्द्वानी। अदालत के आदेश पर पुलिस ने दो प्रापर्टी डीलरों सहित छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि दिल्ली के लोगों ने शहर के एक व्यवसायी को रामपुर में दो लाख रुपये की चपत लगाई है।
रेलवे बाजार निवासी सर्वेश कुमार गोयल पुत्र सुरेश चंद्र गोयल ने अदालत से गुहार लगाई थी कि दिल्ली निवासी विजय गुप्ता, प्रापर्टी डीलर अतुल शर्मा, बिलासपुर रामपुर निवासी प्रापर्टी डीलर तारिक, रामपुर जिले के सिमरिया मिलक निवासी निजामुद्दीन, चांद और वसीम खां ने जमीन खरीद फरोख्त करने के नाम पर दो लाख रुपये की ठगी की है।
सर्वेश के अनुसार, अभियुक्त अतुल शर्मा ने उसे जनवरी में कॉल की थी। बताया कि दिल्ली के प्रापर्टी डीलर विजय गुप्ता रामपुर में जमीन खरीदना चाहते हैं। जमीन मिलक सिमरिया में है। सात लाख रुपये का इंतजाम हो चुका है। दो लाख रुपये देकर साझीदार बन जाओ। झांसे में आकर सर्वेश ने दो लाख रुपये दे दिए।
पैसा लेने के बाद सभी लापता हो गए। इस मामले में व्यवसायी ने बनभूलपुरा पुलिस से संपर्क किया, लेकिन घटनास्थल रामपुर जिला होने के कारण पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। अदालत ने इस मामले में स्थानीय पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि अदालत के आदेशानुसार धोखाधड़ी की धाराओं के तहत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।