लालकुआं। नैनीताल-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर शाम पराली से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली डिवाइडर पर लगे स्ट्रीट लाइट के पोल से टकराई और पोल टूटकर सड़क पर गिर गया। इसके चलते करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। गनीमत ये रही कि इस दौरान कोई पोल और ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में नहीं आया जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
लालकुआं कोतवाली क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक के पास पराली से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकरा गया जिससे वहां पर लगा पोल बीच सड़क पर आ गिरा। इससे नैनीताल-बरेली हाईवे पर यातायात ठप हो गया। त्योहार और शाम का समय होने से वहां काफी आवाजाही बनी हुई थी। इससे हाईवे पर जाम लग गया और वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गनीमत रही कि इस दौरान कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली और पोल की चपेट में नहीं आया। घटना की सूचना पर पुलिस और नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और कटर और अन्य उपकरणों की मदद से पोल को हटाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सुचारु हो सका। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।