नैनीताल। वर्ष के पहले दिन नैनीताल सैलानियों से खचाखच भरा रहा और नगर समेत आसपास के सभी पर्यटक स्थल सैलानियों से गुलजार रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने दूसरे दिन भी अस्थायी पार्किंग स्थलों पर ही बाहर से आने वाले सैलानियों के वाहनों को रोक दिया। पूरे दिन शहर में सैलानियों की चहलपहल रही।
शनिवार को डीएसए मैदान और मैट्रोपोल स्थित पार्किंग के अलावा अन्य सभी छोटे पार्किंग स्थल भी दोपहर बाद पूरी तरह पैक हो गए थे। रूसी बाईपास में सुबह से ही केवल उन्हीं वाहनों को नैनीताल में प्रवेश दिया गया जिनके पास होटलों की एडवांस बुकिंग थी जबकि नारायण नगर में दोपहर बाद बगैर होटलों की बुकिंग वाले सैलानियों के वाहन रोके गए। पर्यटन कारोबारियों के मुताबिक शनिवार को नैनीताल में 31 दिसंबर से कहीं अधिक सैलानी पहुंचे हैं। एक अनुमान के मुताबिक शनिवार को नैनीताल में तीस हजार से अधिक सैलानी थे। जिनमें से हजारों सैलानी तो सुबह आकर शाम को वापस अपने घरों को लौट गए जबकि शेष होटलों में रहे।
नगर में प्रवेश के लिए सिफारिश लगाते रहे सैलानी
नैनीताल। साल के पहले दिन नैनीताल में प्रवेश करने के लिए बाहरी क्षेत्रों से आए कई सैलानी जुगाड़ लगाने रहे। रूसी बाईपास पर तैनात पुलिस कर्मियों के मुताबिक दिल्ली और नोएडा से आए कई सैलानी तो यह कहते रहे कि उनके रिश्तेदार नैनीताल में रहते हैं और वह कुछ दिन उनके यहां रहने आए हैं लिहाजा उन्हें मय वाहन के नैनीताल में प्रवेश करने दिया जाए। शहर में प्रवेश के लिए कोई सैलानी नैनीताल में अपना ननिहाल बताता तो कोई नेताओं, अधिकारियों और पत्रकारों से पुलिस कर्मियों की बात कराने की गुहार लगाता रहा लेकिन मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उनकी एक भी नहीं सुनी।
नैनीझील की सतह पर नौकाएं ही नौकाएं
नैनीताल। सैलानियों की भीड़ बढ़ी तो नैनीझील की सतह पर दिन भर नौकाएं ही नौकाएं नजर आई। यहां पहुंचे अधिकांश सैलानियों ने नैनीझील में नौकाविहार किया। दूसरी ओर रोपवे, केव गार्डन, हिमालयन बाटनिकल गार्डन, चिड़ियाघर, वाटरफाल और हनुमानगढ़ी में भी दिन भर सैलानियों की आवाजाही लगी रही। सैकड़ों सैलानियों ने बारापत्थर पहुंचकर घुड़सवारी का आनंद उठाया।