नैनीताल। नैनीताल की बेटी शुभांगी और उनकी मां इंद्रा फिल्म हस्तिनापुर में मां और बेटी का अभिनय करती नजर आएंगी। साउथ की फिल्मों में अपने अभिनय के बूते धूम मचाने वाली शुभांगी पंत इन दिनों अपने घर नैनीताल में है। पंत और उनके परिवार ने भवाली स्थित घोड़ाखाल मंदिर और मां नयना देवी मंदिर में पूजा की।
शुभांगी पंत ने अमर उजाला से खास बातचीत में बताया कि तेलगू फिल्म हस्तिनापुर में वह मुख्य अभिनेत्री का किरदार निभा रही है। इसी फिल्म में उनकी मां का किरदार रियल लाइफ की मां इंद्रा पंत निभा रही हैं। कहा कि इससे पूर्व भी वह महाप्रस्थानम में तेलगू के जाने माने कलाकार तनिष्क और कबीर सिंह दुशांज के साथ बतौर मुख्य अभिनेत्री काम कर चुकी हैं। कहा कि कल्थी फिल्म की शूटिंग के लिए वह अगले महीने हैदराबाद और वाराणसी के साथ ही अन्य जगहों पर जाएंगी। शुभांगी का कहना है कि उसे गाने का भी शौक है। वह दरोगा ज्यू एलबम में गीत गा चुकी है। साथ ही एक पंजाबी एलबम में भी काम करने का मौका मिला है। (संवाद)
युवाओं के लिए सोशल मीडिया अच्छा विकल्प: शुभांगी
नैनीताल। शुभांगी की मानें तो सोशल मीडिया एक अच्छा विकल्प है। इससे युवा व अन्य लोग अभिनय कर लोगों के दिलों में राज कर सकते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ब्लॉग व अन्य किसी भी एप के माध्यम से वीडियो पोस्ट करने वाले कलाकारों को सलाह दी है कि अगर किसी भी पोस्ट पर कम लाइक्स आए तो उसे नजर अंदाज करें। कहा कि कम लाइक्स होने पर भी आपको किसी भी फिल्म में काम करने का मौका मिल सकता है। अगर आपका कंटेंट अच्छा हो तो, इसलिए वह कलाकार निराश ना हो, अच्छे कंटेंट पर फोकस करें। सफलता एक दिन जरूर कदम चूमेगी।