नीलियम कालोनी में खराब नलकूप के पास आक्रोश जताते क्षेत्रवासी। विज्ञप्ति
हल्द्वानी। भीषण गर्मी में एक और नलकूप की मोटर खराब होने की वजह से करीब चार हजार की आबादी वाले नीलियम कालोनी में पेयजल संकट पैदा हो गया है। मोटर ठीक कराने के लिए अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन ईद की छुट्टी की वजह से मिस्त्री नहीं मिला।
सोमवार को एचएमटी नीलियम कॉलोनी स्थित ट्यूबवेल की मोटर फुंकने से क्षेत्र में पेयजल संकट हो गया। गुस्साए लोगों ने मंगलवार को ट्यूबवेल पर जलसंस्थान के खिलाफ प्रदर्शन किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि जब तक ट्यूबवेल दुरुस्त नहीं हो जाता तब तक नियमित रूप से टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जाए। उन्होंने कहा कि जल्द सप्लाई शुरू नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन के दौरान चंदन सिंह नौलिया, सेवानिवृत्त कैप्टन शिव सिंह डांगी, मनोहर लाल सागर, तुलसीदास भट्ट, महेश बोरा, धीरज रावत, एनडी जोशी, मदन पांडे थे। जलसंस्थान के एई रविंद्र कुमार ने बताया कि मोटर खराब होने से चार हजार आबादी तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इलाके में टैंकर से कराई जाएगी। ईद की छुट्टी की वजह से मोटर ठीक करने वाले मिस्त्री नहीं पहुंच पाए। बुधवार से मोटर ठीक कराने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इधर, फ्रेंड्स कालोनी और कमलुवागांजा गौड़ में नलकूप खराब होने से लोग तीन दिन से पेयजल संकट झेल रहे हैं। अभी तक नलकूप ठीक नहीं किए गए हैं। ईई एसके श्रीवास्तव ने बताया कि तकनीकी कारणों से विलंब हुआ है। जल्द सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।