हल्द्वानी में वन विभाग की टीम द्वारा पकड़ा गया लीसे का ट्रक। विज्ञप्ति
हल्द्वानी। वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 19 किलोमीटर तक कैंटर का पीछा कर भारी मात्रा में लीसा पकड़ा है। लीसे को कैंटर के पीछे बने अवैध केबिन में छिपाकर लाया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने वाहन को सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार शाम वन क्षेत्राधिकारी गौला को सूचना मिली कि नरीमन चौराहे के पास से एक कैंटर बरेली की ओर लीसा लेकर जा रहा है। वाहन में केबिन बनाकर लीसा छिपाया गया है। टीम ने नैनीताल रोड पर नरीमन चौराहे के पास वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन भगा दिया। वन विभाग की टीम ने लालकुआं डिपो नंबर चार के पास वाहन को पकड़ लिया। उधर चालक वाहन को छोड़कर भाग गया। टीम ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच की उसमें एक बंद केबिन बनाया गया था। केबिन खोलकर देखा तो उसमें 147 कनस्तर, चार बड़े प्लास्टिक के ड्रम और आठ कट्टों में सूखा लीसा भरा हुआ था।