हल्द्वानी। सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर्स फोरम की स्थानीय शाखा की बैठक में तय किया गया कि यदि सरकार ने आठवें वेतन आयोग में पेंशनर्स के हितों की अनदेखी की तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। बैठक में पेंशनर्स की समस्याओं को हल न किए जाने पर भी गहरा रोष व्यक्त किया गया।
बद्रीपुरा स्थित संघ भवन में बीएस गैड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि आठवां वेतन आयोग पेंशनर्स के हितों की रक्षा के लिए काम करेगा। वक्ताओं ने गोल्डन कार्ड की विसंगतियां दूर न होने रोष जताया। कहा कि पिछले दिनों जिलाधिकारी व वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा की मौजूदगी में सीएमओ के साथ हुई बैठक में निजी अस्पतालों ने ओपीडी और भर्ती होने पर सीजीएचएस की दरों पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला हुआ था। इसके बाद भी निजी अस्पताल इसे लागू नहीं कर रहे हैं। तय किया गया कि इस मुद्दे पर शीघ्र ही एक शिष्टमंडल मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से मिलेगा।
वहां फोरम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पीसी जोशी, नवीन कांडपाल, एमसी पांडे, शरद कुमार, सुरेश आर्या, मदन राम, पीसी पंत, केडी भट्ट, ओपीएस रौतेला, दिनेश चंदोला आदि मौजूद रहे। संचालन नवीन कांडपाल ने किया। माई सिटी रिपोर्टर