भीमताल (नैनीताल)। अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है। भारत सरकार की ओर से बाबू जगजीवन राम छात्रावास निर्माण योजना के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पाइंस नैनीताल में बालक छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। छात्रावास का निर्माण 5.23 करोड़ की लागत से किया जाएगा। इसके लिए प्रथम किस्त के रूप में समाज कल्याण विभाग को भारत सरकार से 1.62 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो गई है। धनराशि स्वीकृत होने के साथ समाज कल्याण विभाग की ओर से छात्रावास निर्माण को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
100 छात्र संख्या की क्षमता का बनेगा छात्रावास
भारत सरकार की ओर से बनाए जाने वाले छात्रावास का लाभ पाइंस आईटीआई और अन्य संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति के छात्रों को ही मिल पाएगा। भारत सरकार का उद्देश्य है की अनुसूचित जाति के छात्रों को बेहतर शिक्षा से जोड़ने के साथ उनके लिए रहने के आवास की भी व्यवस्था की जा सके।
प्रत्येक छात्र को फर्नीचर के लिए भी मिलेगा पैसा
भारत सरकार की ओर से छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद छात्रावास में रहने वाले प्रत्येक छात्र को फर्नीचर का भी पैसा दिया जाएगा, ताकि छात्रों को फर्नीचर संबंधित समस्या का सामना न करना पड़े।
मंडी समिति होगी कार्यदायी संस्था
पाइंस में छात्रावास निर्माण के लिए शासन से मंडी समिति को कार्यदायी संस्था बनाया गया है। मंडी समिति की ओर से ही निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी, नैनीताल, दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि पाइंस में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रावास का निर्माण होना है। भारत सरकार से इसके लिए प्रथम किस्त में 1.62 करोड़ की धनराशि मिल गई है। छात्रावास बनने से पाइंस आईटीआई के छात्रों के साथ अन्य संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति के छात्रों को लाभ मिलेगा।