हल्द्वानी। इंदिरा हृदयेश मेमोरियल ऑल इंडिया स्नूकर प्रतियोगिता हरियाणा के दिग्विजय कादियान ने जीत ली है। फाइनल मुकाबले में उन्होंने महाराष्ट्र के लक्ष्मण रावत को 5-3 से हराया। हल्द्वानी के अक्षत गुसाईं को शानदार प्रदर्शन के लिए इमर्जिंग प्लेयर का खिताब मिला।
रामपुर रोड स्थित क्यू स्पोर्ट्स अकादमी में हुई प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में दिग्विजय कादियान ने रितिक जैन और लक्ष्मण रावत ने शिवम अरोरा को शिकस्त दी। मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता सुमित हृदयेश ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। विजेता को पचास हजार की राशि और और उप विजेता को तीस हजार की राशि प्रदान की गई। क्यू स्पोर्ट्स अकादमी के मालिक निहार अग्रवाल और जतिन रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में पूरे देश के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।