हल्द्वानी। हनुमान जी की वेशभूषा धारण कर पीएम मोदी की जनसभा में पहुंचे बिहार के बेगुसराय निवासी श्रवण साह लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। हालांकि उन्हें जनसभा स्थल में प्रवेश पाने के लिए पुलिस से काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। पुलिस ने पहले तो श्रवण को काफी देर तक जनसभा स्थल के अंदर नहीं जाने दिया, बाद में आधार कार्ड दिखाने पर जनसभा स्थल पर जाने की अनुमति मिल पाई।
मोदी के अनन्य भक्त बेगुसराय निवासी श्रवण साह ने बताया कि वह अब तक पीएम मोदी की 96 रैली में शामिल हो चुके हैं। कहा कि वह मोदी की कार्यशैली से बहुत प्रभावित हैं इसलिए उनकी जहां भी जनसभा होती है जरूर पहुंचते हैं। उत्तराखंड में मोदी की पांचवीं जनसभा में शामिल हुए हैं। श्रवण साह सबरजिस्ट्रार कार्यालय में कातिब के यहां मुंशी हैं और जो भी मासिक आय होती है उसमें से आधी आय वह परिवार के पालन पोषण में खर्च करते हैं और आधी आय मोदी के कार्यक्रमों में शामिल होने में खर्च करते हैं।
साह ने बताया कि वर्ष 2015 में उन्होंने मोदी की जनसभाओं में शामिल होने का सिलसिला शुरू किया जो जारी है। अब तक वह यूपी, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार, दिल्ली समेत अनेक राज्यों में पीएम मोदी की रैलियों में शामिल हो चुके हैं। हल्द्वानी की जनसभा में शामिल होने के लिए बुधवार शाम को बिहार से पहुंचे थे। इधर, जब वह मोदी की जनसभा समाप्त होने के बाद नैनीताल रोड पर निकले तो लोग उनके साथ सेल्फी लेते दिखाई दिए।
फोटो