सुबह से शाम, सड़कों पर जाम, दूसरे दिन भी यातायात व्यवस्था धड़ाम
- रविवार को भी हजारों की तादाद में पर्यटक पहुंचे नैनीताल
- दिन भर रेंग रेंग के चलते रहे वाहन, पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
नैनीताल। नैनीताल में सप्ताह के अंत के चलते रविवार को भी सैकड़ों सैलानी नजर आए। पूरे दिन पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की भीड़ नजर आई। सैकड़ों वाहनों के प्रवेश के बाद पूरे दिन सड़कों पर वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। इसके चलते दोपहर बाद पुलिस को नारायण नगर अस्थायी पार्किंग में वाहनों को पार्क कर व्यवस्था बनाने की कोशिश की गई लेकिन उसके बाद भी शहर में व्यवस्था नहीं बन पाई।
सुबह से शाम तक तल्लीताल, मल्लीताल, मॉलरोड, पंतपार्क, बैंड स्टैंड, जूम लैंड, चाइना टाउन, चाट बाजार, बढ़ा बाजार, हिमालय दर्शन, स्नो व्यू, टिफिन टॉप, बारापत्थर, हनुमानगढ़ी, वाटरफॉल, नैनादेवी मंदिर आदि पर्यटक स्थलों में भीड़ रही। वहीं पूरे दिन झील में सैकड़ों पर्यटकों ने नौकायन का लुत्फ उठाया। पर्यटकों की चहल पहल देख पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले नजर आए। पर्यटकों की आमद बढ़ने से शहर के सभी होटल व पार्किंग स्थल फुल रहे। जानकारी के अनुसार लेकब्रिज चुंगी, मल्लीताल बारापत्थर चुंगी से करीब दो हजार पर्यटक वाहनों ने प्रवेश किया।
शटल सेवा से पर्यटकों को भेजा गया नैनीताल
नैनीताल। मल्लीताल क्षेत्र से आने वाले पर्यटकों के वाहनों को नारायण नगर अस्थायी पार्किंग में ही रोक दिया गया। इसके बाद शटल सेवा से पर्यटकों को नैनीताल भेजा गया। कोतवाल प्रीतम सिंह ने बताया कि शाम तक नारायण नगर अस्थायी पार्किंग में 60 से 70 वाहन खड़े कर दिए गए थे। वहीं नैनीताल में रोडवेज बसों की कमी नजर आई। इसके चलते कई पर्यटकों व स्थानीय लोगों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। वहीं गिनी चुनी बसें जब रोडवेज स्टेशन पहुंचीं तो पर्यटक खिड़की के रास्ते भी बसों में चढ़ते नजर आए।
नो पार्किंग जोन में खड़े कर दिए वाहन
नैनीताल। मॉलरोड में पुलिस की मौजूदगी नहीं होने से कई जगह सड़क किनारे नो पार्किंग में वाहन खड़े कर दिए गए। वहीं मॉल रोड में होटलों के बाहर भी कई कार खड़ी नजर आईं। इसके चलते कई बार जाम जैसी समस्या सामने आई।
पर्यटन व्यापार से जुड़े कारोबारियों के चेहरे खिले
नैनीताल। नगर में पर्यटन कारोबार से जुड़े अन्य कारोबारियों टैक्सी चालकों, दुकानदारों, रेस्टोरेंट संचालकों, नौका चालकों व घोड़ा संचालकों ने भी अच्छा कारोबार किया। होटल व्यवसायी दिग्विजय बिष्ट ने बताया कि रविवार को पर्यटक होटलों में कम पहुंचे। बताया कि रविवार को डे विजिटरों की संख्या शहर में ज्यादा थी।
रविवार को यहां इतने पर्यटक पहुंचे
चिड़ियाघर - 1567
वाटरफॉल- 1728
केव गार्डन - 1100
बॉटनिकल गार्डन - 220