नैनीताल। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने काम में लापरवाही पर जिले में एक महिला एसआई, एक कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के प्रति गंभीरता नहीं बरती तो ऐसी कार्रवाई तय है।
एसएसपी ने बताया कि तल्लीताल थाने में तैनात उपनिरीक्षक बबीता को ड्यूटी के दौरान अपने कार्यक्षेत्र में अनुपस्थित पाए जाने और पूर्व में भी ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने के गंभीर आरोपों के चलते निलंबित किया गया है। बार-बार चेतावनी के बावजूद सुधार न होने पर यह कठोर कदम उठाया गया है। वहीं हल्द्वानी यातायात सेल में नियुक्त कांस्टेबल आकाश कुमार पर 24 अप्रैल को राजपुरा क्षेत्र में घटित एक धार्मिक प्रकरण में एक पक्ष का समर्थन करने का आरोप है। उसे भी निलंबित किया गया है। एसएसपी ने कहा कि पुलिस कर्मियों का ऐसा आचरण विभाग की छवि को धूमिल करता है। ड्यूटी में लापरवाही, गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार और पक्षपात किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों पर कार्रवाई जारी रहेगी।