किच्छा में ट्रैक्टर से गश्त करते वन विभाग के लोग व ग्रामीण
- फोटो : KITCHHA
हल्द्वानी रोड पर बेनी मजार के निकट प्राग फार्म क्षेत्र में चार हाथी आने की सूचना से वन विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हाथियों ने कई स्थानों पर फसल रौंदी। वन विभाग की टीम ने ड्रोन की मदद से लोकेशन पता करने का प्रयास किया है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से एहतियात बरतते हुए रात में घर से न निकलने को कहा है।
डौली रेंज लालकुआं तराई पूर्वी वन प्रभाग के रेंजर अनिल कुमार जोशी ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से बेनी मजार, प्राग फार्म आदि क्षेत्रों में ग्रामीणों की ओर से चार हाथी देखने की सूचना मिल रही थी। बताया कि सूचना पर वे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भारी भीड़ देखते हुए और मानव- वन्य जीव संघर्ष को रोकने के लिए भारी संख्या में वन कर्मियों को मौके पर तैनात कर दिया गया।
प्रभागीय वनाधिकारी नीतीश मणि त्रिपाठी की ओर से हाथियों के झुंड की लोकेशन ट्रेस करने के लिए दिए गए निर्देशों के क्रम में रेंज टीम ने ड्रोन के माध्यम से और दो ट्रैक्टर से पूरे इलाके की छानबीन की लेकिन हाथियों की लोकेशन पता नहीं चल सकी। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि रेंज के वन कर्मी प्रभावित क्षेत्र में 24 घंटे तैनात हैं। उन्होंने ग्रामीणों को एतियाहत बरतने और रात में घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि हाथियों की ओर से किए गए फसल के नुकसान के आकलन के बाद नियमानुसार मुआवजा देने की कार्यवाही की जाएगी। वहां डिप्टी रेंजर मनोज जोशी, फोरेस्टर शिव सिंह डांगी, दिनेश तिवारी, कुलदीप पांडे, दिनेश पंत, सतेंद्र दुबे, मैनेजर राणा, गश्ती दल के अन्य वन कर्मी सहित ग्रामीण भारी संख्या में मौजूद थे।
किच्छा में हाथियों द्वारा रौंदी गई गन्ने की फसल मौके पर वन विभाग की टीम।- फोटो : KITCHHA
किच्छा के निकट गन्ने के खेत में दिख रहा हाथी- फोटो : KITCHHA