रामनगर रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण करते हुए डीआरएम आशुतोष पंत व अन्य अधिकारीगण।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर-काशीपुर सिंगल रेलवे लाइन पर विद्युतीकरण होगा। यह कार्य आगामी वित्तीय वर्ष में शुरू होगा। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर ओवरब्रिज का प्रस्ताव बनाकर कर भेज दिया है, मंजूरी मिलने पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी शुरू कराया जाएगा। यह बात रामनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम आशुतोष पंत ने कही।
डीआरएम ने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे यात्रियों को संरक्षित, सुरक्षित, आरामदायक एवं तीव्रगामी यात्री सुविधा देने का प्रयास कर रहा है। रेल परिवहन संरक्षित, सुरक्षित, पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए रेल खंडों के विद्युतीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इसी के तहत रामनगर-काशीपुर के बीच भीरेलवे लाइन पर विद्युतीकरण का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि लालकुआ-रामपुर रेल खंड पर भी विद्युत ट्रेनों के संचालन के लिए तैयारी चल रही है। जल्द ही रेलखंड पर विद्युत ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। कुमाऊं में सेफ्टी ड्राइव के अंतर्गत रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया जा रहा है। इसके तहत पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम सोमवार को रामनगर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे थे। यहां पर डीआरएम ने रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और निरीक्षण में उन्हें कई तकनीकी खामियां मिलीं।
खामियों को जल्द ठीक कराने के निर्देश अधीनस्थों को दिए हैं। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि रामनगर में ओवर ब्रिज का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ नई ट्रेनों को चलाने पर भी विचार किया जा रहा है।