नैनीताल। पंत पार्क स्थित बैंड स्टैंड और आसपास अवैध फड़ खोखो से होने वाली गंदगी और झील के प्रदूषित होने संबंधी शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को चाक चौबंद बनाने के लिए समिति गठित कर दी है। समिति में एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, पालिका के ईओ और खाद्य निरीक्षक को शामिल किया गया है। समिति पंत पार्क और आसपास हाईकोर्ट की ओर से जारी दिशा निर्देशों का पालन कराने के लिए प्रतिदिन मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट जिला प्रशासन को देगी।
डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि पंत पार्क, बैंड स्टैंड और आसपास अवैध फड़ खोखे लगने और उससे झील प्रदूषित होने की शिकायतें मिल रहीं थीं। पंत पार्क में व्यवस्थाएं बनाने के लिए समिति गठित की गई है। ।
-इनसेट
डीएम ने यह कार्य सौंपे हैं गठित समिति को
- अवैध फड़ खोखे हटाना व लाइसेंसधारियों द्वारा निर्धारित स्थान पर ही दुकानें लगाना
- बैंड स्टैंड में खाद्य सामग्री संबंधी फड़ खोखों के संचालन पर रोक लगाना
- नैनीझील किनारे लटकाए जाने वाले कपड़ों पर रोक लगाना
- बेतरतीब तरीके से दुकानें लगाने वालों के लाइसेंस निरस्त करना
- दुकानें लगाने की समय सीमा का पालन सुनिश्चित कराना
- हाईकोर्ट की ओर से फड़ खोखों के लिए दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराना
- पर्यटन नगरी के सौंदर्य को बनाए रखते हुए झील को प्रदूषित होने से बचाना
-इनसेट
बैंड हाउस में अभी भी बिक रही है खाद्य सामग्री
नैनीताल। अधिकारियों की चेतावनी के बाद भी यहां पंत पार्क में स्थित बैंड स्टैंड में अभी भी खुलेआम खाद्य सामग्री बिक रही है। मंगलवार और बुधवार को मौके पर प्रशासन ने अवैध फड़ लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की थी और बुधवार को एसडीएम प्रतीक जैन के नेतृत्व में कई फड़ों से सामान जब्त कर लिया गया था। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद बैंड स्टैंड के समीप खाद्य सामग्री के कई फड़ लगे नजर आए। एसडीएम प्रतीक जैन ने बताया कि पंत पार्क में नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं। लगातार निरीक्षण कर अवैध फड़ हटाए जा रहे हैं।
कोट
पंत पार्क और आसपास अवैध फड़ों को हटाने पुलिस की मदद ली जाएगी। जल्द ही पंत पार्क में पुलिस टीम तैनात कर कार्रवाई शुरू करा दी जाएगी।
- प्रतीक जैन संयुक्त मजिस्ट्रेट व एसडीएम नैनीताल।