रामनगर पीरूमदारा चौकी पर खड़ी हादसा करने वाली बस।
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। दूसरे वाहन को ओवरटेक करते समय एक निजी बस ने साइकिल सवार दंपती को रौंद दिया। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।
रामनगर से काशीपुर जा रही निजी बस संख्या यूके-04ईए-1208 ने पीरूमदारा में एसके पुरम के पास दूसरे वाहन को ओवरटेक करते समय दूसरी ओर से आ रहे साइकिल सवार दंपती धर्मपुर टॉडा निवासी महेश कुमार (41) पुत्र रामकुमार और उसकी पत्नी ममता को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। बस में बैठीं सवारियां दूसरे वाहन से गंतव्य को गई। मौके पहुंची पुलिस ने घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। चौकी प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि दंपती साइकिल से पीरूमदारा की ओर आ रहा था। बस चालक की तलाश की जा रही है।
बेलगाम दौड़ती निजी बसें
रामनगर-काशीपुर के बीच निजी बसें सवारियों को लेकर बेलगाम दौड़ती है। आए दिन इन बसों से हादसे होते रहते हैं। पुलिस और आरएटीओ की टीम कार्रवाई तो करती है, लेकिन यह नाकाफी साबित हो रही है। चौकी प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि बेलगाम दौड़ने वाली बसें के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में एक युवक की मौत, एक घायल
रामनगर (नैनीताल)। रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में ही रविवार की रात को बाइक सवार युवकों को अज्ञात वाहन से टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल है। घायल का उपचार अस्पताल में चल रहा है।
रविवार की रात रामनगर-काशीपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम पीरुमदारा के समीप मोहल्ला दुर्गापुरी निवासी विजय कुमार उर्फ बिरजू पुत्र जगदीश आर्य अपने चचेरे भाई सुरेश पुत्र भुवन के साथ बाइक से वापस घर जा रहा था। पीरुमदारा के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक पर जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दोनों घायल हो गए। घायलों को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां विजय कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल सुरेश को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। मृतक विजय कुमार दिल्ली में नौकरी करता था और करीब एक माह से छुट्टी में अपने घर रामनगर आया था। तीन भाइयों में सबसे छोटा था। मंगलवार को घर में उसकी नवजात कन्या का नामकरण संस्कार भी होना था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पीरूमदारा चौकी इंचार्ज भगवान सिंह मेहर ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।