रामपुर रोड पर सोमवार शाम तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से बाइक पर बैठी युवती सड़क पर गिर पड़ी। टैंकर युवती को रौंदता हुआ निकल गया, जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में युवती का दोस्त घायल हो गया। हादसे के बाद चालक टैंकर छोड़कर भाग निकला। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
चंपावत जिले के खर्ककार्की लोहाघाट निवासी जमुना दत्त जोशी की पुत्री कविता जोशी (23) रुद्रपुर में किराए का कमरा लेकर एक मोबाइल इश्योरेंस कंपनी के लिए काम करती थी। सोवार को कविता अपने दोस्त ओखलकांडा निवासी बालम सिंह के साथ हल्द्वानी में खरीदारी करने आई थी। शाम करीब पांच बजे बालम कविता को अपनी अपाचे बाइक (यूके 04 एस 3062 ) से रुद्रपुर छोड़ने जा रहा था।
करीब 5:15 बजे दोनों बेलबाबा से कुछ आगे मोतिया लाइन पर ही पहुंचे थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार तेल के टैंकर (यूके 07 सीसी 0222) ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से कविता छिटककर सड़क पर जा गिरी और टैंकर के पहिए के नीचे आ गई। टैंकर उसेे रौंदता हुआ निकल गया, जिससे कविता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बालम सिंह मामूली रूप से घायल हो गया। बाइक का पिछला हिस्सा भी हादसे में क्षतिग्रस्त हो गया है। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
युवक ने बताया कि वह भी रुद्रपुर स्थित बाइक की मीटर बनाने वाली कंपनी में कार्यरत है। पुलिस ने युवती के परिजनों को उसकी औपचारिक शिनाख्त के लिए बुलाया है। पुलिस दुर्घटना में टैंकर चालक की लापरवाही मान रही है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।