भीमताल (नैनीताल)। विकासखंड के एक गांव में एक युवक और एक किशोर ने चौथी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ अलग-अलग दुराचार का प्रयास किया। महीने भर तक यह मामला दबा रहा लेकिन जब विद्यालय की शिक्षिकाओं को घटना की भनक लगी तो उन्होंने छात्रा के परिजनों को जानकारी दी। छात्रा के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित छात्रा के पिता की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि उनकी दस वर्षीय बेटी गांव के प्राथमिक विद्यालय में चौथी कक्षा में पढ़ती है। अध्यापिकाओं ने उन्हें बताया कि महीने भर पहले गांव के दो युवकों ने उनकी बेटी से छेड़खानी की थी। जब बेटी से पूछताछ की तो उसने बताया कि गांव का पंकज (22) महीने भर पहले जबरदस्ती उसे अपने घर ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया। कुछ दिन बाद गांव का एक अन्य किशोर उसे जबरन अपने घर ले गया और वहां भी उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। दोनों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष डीआर आर्या ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद पीड़िता का हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। स्वास्थ्य परीक्षण में दुराचार की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गांव भेजी थी लेकिन दोनों ही आरोपी घर में नहीं मिले। उधर, एसटीएच के एमएस डॉ. एके पांडे ने बताया कि बच्ची को स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की देखरेख में रखा गया है।