नैनीताल। सूखाताल क्षेत्र निवासी 12वीं के छात्र ऋषभ (17) का शव सोमवार रात अपने घर के ही पास ट्यूबवेल के पाइप से लटका मिला। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र ने आत्महत्या की है या हत्या हुई है। हालांकि आसपास के लोग मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बता रहे हैं। चर्चा है कि प्रेम प्रसंग के चलते उसने फांसी लगाई है।
रामदास का बेटा ऋषभ सोमवार शाम बाजार से घर पहुंचा और कुछ देर बाद रात का खाना साथ खाने की बात कहकर बाहर चला गया। काफी देर तक वह वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, काफी खोजने के बाद देर रात घर से करीब 50 मीटर की दूूरी पर ऋषभ का शव ट्यूबवेल के पाइप से गमछे से लटका मिला। आनन-फानन में परिजन उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर एसएसआई बीसी मासीवाल पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे।
ट्यूबवेल के पाइप से लटका मिला छात्र का शव
इसी साल दी थी 12वीं की परीक्षा, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझ नहीं पाई
दोस्तों से कहा ‘मैं दिल्ली जा रहा हूं’
दो बड़ी बहनों के बाद ऋषभ अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता नगर के ही एक होटल में काम करते है। ऋषभ के साथियों ने बताया कि वह पढ़ाई में अव्वल था, उसने 10वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी और अभी हाल ही में उसने 12वीं की परीक्षा दी थी। उसने फेसबुक मैसेंजर पर संदेश भेजा था कि मैं दिल्ली जा रहा हूं।