हल्द्वानी। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर ने डाकघर परिसर में कमीशन के नाम पर ग्राहकों की जेब पर डाका डाल रहे बीमा एजेंटों को खदेड़ दिया। उन्होंने डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं के नाम पर वसूली करने वाले एजेंटों की परिसर में सुबह दस से दोपहर एक बजे तक प्रतिबंध लगा दिया है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत चलाए गए अभियान में पोस्टमास्टर चंद्रशेखर परगांई ने बताया कि डाकघर परिसर में बचत खाता, रजिस्ट्री समेत अन्य काम कराने के लिए सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लग जाती है। ग्राहकों के काम कराने के नाम पर डाक बीमा एजेंट परिसर में सक्रिय रहते हैं और ग्राहकों से कमीशन के नाम पर वसूली करते हैं। उन्होंने बताया कि नियमानुसार एजेंटों को लोगों के घरों में जाकर उन्हें बचत योजनाओं संबंधी जानकारी देनी होती है, लेकिन करीब कई एजेंटों ने मुख्य डाकघर को ही अपना गढ़ बना रखा था। डाकघर के काउंटर के बजाय अधिकतर ग्राहक इन्हीं बीमा एजेंटों के आसपास चक्कर काटते नजर आते थे।