हल्द्वानी। ईपीएफ इंस्पेक्टर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने जांच की है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शिकायत सही नहीं मिली है। इस मामले में ईपीएफ इंस्पेक्टर ने भी शिकायत की है, जिसकी जांच भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी कर रहे हैं।
कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि ईपीएफ इंस्पेक्टर के अनुसार 25 जुलाई 2018 को एक महिला ने उसे बातों में फंसाकर रामपुर रोड स्थित होटल में बुलाया था। आरोप लगाया कि उसने खुद ही अपने साथियों से आपत्तिजनक फोटो खिंचवा लिए। महिला उसे ब्लैकमेल कर रही है। ईपीएफ इंस्पेक्टर की शिकायत के बाद जांच भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी को सौंपी गई। चौकी प्रभारी का कहना है कि इस मामले में महिला का बयान लिया गया है। महिला के साथ मौजूद किच्छा का एक व्यक्ति बयान देने अब तक नहीं आया है। अभी जांच जारी है। वहीं ईपीएफ इंस्पेक्टर का कहना है कि महिला खुद उसे मोबाइल पर संपर्क करती थी। मैसेज भी भेजती थी।
इस मामले की पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला ने भी पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजा। महिला का आरोप था कि वह सिक्योरिटी एजेंसी में कार्यरत थी। एजेंसी ने 80 कर्मचारियों का ईपीएफ जमा नहीं किया था। ईपीएफ इंस्पेक्टर ने उसे होटल में काम के सिलसिले में बुलाया था। इस दौरान उसने छेड़छाड़ की। महिला की शिकायत के बाद जांच उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्या ने की। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि महिला के आरोप सही नहीं है। इस मामले में महिला उपनिरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भी भेज दी है। अब महिला ने डीएम को शिकायती पत्र भेजा है।