हल्द्वानी। नैनीताल के लिए पर्यटकों की भीड़ उमड़ने और काठगोदाम में हजरत शेर अली बाबा की मजार पर मेले के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। शीशमहल से रानीबाग तक करीब चार किलोमीटर तक जाम लग गया। जहां-तहां रेंगने लगे। भीमताल के बोरा कुन से लेकर नीचे तक लोग जाम से जूझते रहे। बाइक सवारों को भी निकलने में घंटों लग गए। नैनीताल पैक होने पर पुलिस ने दो पहिया और चार पहिया वाहन सवारों को लौटा दिया।
काठगोदाम में हजरत शेर अली बाबा की मजार पर मेला होने के कारण रविवार की सुबह से ही काफी भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस की ओर से कोई इंतजाम न होने के कारण वाहनों की लाइनें लगनी शुरू हो गई। कॉलटैक्स चौराहे से लेकर काठगोदाम थाने की तरफ वाहनों के निकलने के लिए जगह नहीं थी। भीमताल से आने वाले लोगों ने बताया कि बोरा कुन से नीचे रोड पर जाम लग गया था। जमरानी गेट से लेकर रानीबाग को जोड़ने वाले रास्ते पर वाहनों की कतारें लगी हुई थीं। पुलिसकर्मी खुद समझ नहीं रहे थे कि जाम को किस प्रकार नियंत्रित किया जाए। रानीबाग से लेकर एचएमटी तक पर्यटक वाहनों को लेकर परेशान थे। काफी पर्यटक लौटने लगे थे। चूंकि मेले के चलते पुलिस ने गौलापार रोड प्रतिबंधित कर दिया था इस कारण नैनीताल और भीमताल रोड पर वाहनों को निकालने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी।
जब जाम लगा तब चलाई शटल बस सेवा
मैक्सी कैब और टैक्सी से भी भेजे गए सैलानी
18 मैक्सी कैब, तीन टैक्सी से भी सैलानियों को भेजा गया नैनीताल
हल्द्वानी। नैनीताल मार्ग पर जाम लगा तो सरकारी विभागों को रानीबाग से नैनीताल के लिए शटल बस सेवा की याद आई। कई सेवाओं का संचालन कर सैलानियों को नैनीताल को भेजा गया, तो कुछ सैलानियों ने अपने वाहनों की सुरक्षा की चिंता जाहिर करते हुए बसों से जाने से इंकार भी कर दिया। कई सैलानियों की अधिकारियों के साथ वाहन पार्किंग को लेकर बहस भी हुई।
नैनीताल में जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग ने छह दिन पहले रानीबाग में पार्किंग की व्यवस्था करने के साथ ही शटल बस सेवा संचालित करने की योजना बनाई लेकिन शटल बस सेवा ज्यादा सैलानियों को पसंद नहीं आई थी। बाद में नैनीताल पर वाहनों का दबाव कम हुआ तो पार्किंग जैसी व्यवस्था को शिथिल कर दिया। फिर रविवार को वाहनों का दबाव बढ़ा और लंबा जाम लगने लगा तो सरकारी विभाग कोे पार्किंग और शटल बस सेवा को लेकर सख्ती की।
1500 दोपहिया वाहनों को रानीबाग में ही रोक लिया गया
03 बसों से रानीबाग से और अन्य बसों से हल्द्वानी बस अड्डे से भेजा गया यात्रियों को
मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव
हल्द्वानी। पार्किंग की समस्या को देखते हुए नैनीताल में दो जगहों पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की तैयारी है। जिला अधिकारी विनोद कुमार सुमन के मुताबिक नारायण नगर और कैलाखान में ऐसी पार्किंग बनाने की योजना बनाई है।
नैनीताल देखने आए थे, जाम झेलकर गए
बड़ी हसरत के साथ आये थे कि सरोवर नगरी में परिवार के साथ समय गुजारेंगे, लेकिन यहां पर जाम में तीन घंटे से फंसे हुए हैं। आगे क्या होगा? इसे लेकर भी स्थिति साफ नहीं है।
-शीलू चौहान कानपुर
नैनीताल में पार्किंग फुल होने का पता चला है। अब घंटों जाम झेलकर नैनीताल पहुंच पाएंगे, उसको लेकर भी संशय है।
- इंद्रेश, कानपुर
अधिकारी कह रहे हैं कि वाहनों को रानीबाग में बनी पार्किंग में खड़ी कर नैनीताल जाओ, पर यहां पर वाहनों की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा। इसका जवाब कोई नहीं दे रहा।
-मोे. सरताज मेरठ
दो घंटे से जाम में फंसे हैं, आगे भी मुश्किल कम नहीं होने वाली। जब बाइक को जाने नहीं दे रहे हैं, तो कार को कैसे ले जाने देंगे?
- शादाब
परिवार के साथ छुट्टी मनाने के लिए नैनीताल जाने का प्लान था, पर जाम की स्थिति देखकर लौट आए।
-महिमन सिंह हल्द्वानी