कालाढूंगी। कार लुटेरों ने अलीगढ़ के चालक वसीम को नैनीताल मार्ग की खाई में फेंक दिया था। उसकी तलाश में यूपी, कालाढूंगी पुलिस ने शनिवार को दूसरे दिन भी कांबिंग की, लेकिन कार चालक मो. वसीम का पता नहीं चला। इसलिए यूपी पुलिस लौट गई।
जिला मुरादाबाद यूपी के थाना कठघर निवासी मुकेश सैनी, ईशापुर बिलारी के वसीम ने कार बृहस्पतिवार को कार लूट की योजना बनाई। इसके तहत दोनों बदमाशों ने यूपी के अलीगढ़ से नैनीताल घूमने के बहाने स्विफ्ट कार बुक कराई। इस कार को गांधी पार्क अलीगढ़ यूपी निवासी मो. वसीम चला रहा था। नैनीताल से लौटने वक्त शुक्रवार तड़के करीब चार बजे दोनों बदमाशों ने कार को नैनीताल रोड पर शिव मंदिर के पास रुकवाया और कार चालक वसीम को डंडा मार कर गहरी खाई में फेंक दिया। दोनों बदमाश कार लूट कर बेचने के लिए मुरादाबाद पहुंचे। इस बीच चोरी की कार बिकने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मुकेश, वसीम को दबोच लिया। दोनों से सख्ती से पूछताछ की गई तो पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। कोतवाल बीएल विश्वकर्मा ने बताया कि बदमाशों के बताए गए स्थान पर दिनभर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन वसीम का पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि वसीम के परिजनों ने अलीगढ़ के थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ पुलिस लौट गई है।