हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के तीन एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी कर धमकाने का मुकदमा दर्ज किया है। कंपनी के संचालक का आरोप है कि तीनों ने पैसा वसूलने के बाद अपने पास रख लिया है। मांगने पर तीनों धमकी दे रहे हैं।
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) जिले के लोहारी गूरकन निवासी पवन कुमार, सुभाष नगर हल्द्वानी स्थित उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक का प्रभारी शाखा प्रबंधक है। प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसके शाखा से जुड़े एजेंट फाइनेंस के अलावा पैसा वसूली का काम करते हैं। आरोप लगाया कि तीनों ने कई लोगों को फाइनेंस करने के बाद किश्त के पैसों को वसूल किया लेकिन जमा नहीं किया। इस मामले में पैसा मांगने पर उन्होंने धमकी भी दी है। इस मामले में पुलिस ने धारा 420, 406 के तहत ऊधमसिंह नगर जिले के धर्मपुरा निवासी सचिन गिरी, मझौला निवासी संजय कुमार, हरिद्वार जिले के मजरा हबीबपुर लक्सर निवासी अजय चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे की विवेचना उपनिरीक्षक त्रिभुवन जोशी को सौंपी गई है।