हल्द्वानी। बाइक चुराने वाले गिरोह के तीन और सदस्यों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास चोरी की गई चार बाइकें भी मिली हैं। सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर से 14 अगस्त को सुजुकी और 21 अगस्त को पैशन प्रो बाइक भी तीनों ने चुराई थी। वे खटीमा और दिल्ली से भी एक-एक बाइक चुरा चुके हैं।
एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने बहुद्देश्यीय भवन में पत्रकारों को बताया कि कोतवाली थाना प्रभारी केआर पांडे के नेतृत्व में बाइक चुराने वालों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई थी। बृहस्पतिवार की सुबह आंवला गेट पर मंडी चौकी प्रभारी दिनेश नाथ महंत, विजय सिंह मेहता, सिपाही इसरार अहमद, राजेश कुमार और संतोष कुमार के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान बाइक सवार तीन युवकों को पकड़ा तो वे कागज नहीं दिखा सके। शक होने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने सारा सच उगल दिया। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम ऊधमसिंह नगर जिले के कालीनगर दिनेशपुर निवासी विशाल विश्वास, सरस्वती बिहार तल्ली निवासी दीपक चौधरी, किच्छा के वार्ड नंबर आठ निवासी नदीम उर्फ हप्पू बताया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार दीपक चौधरी चोरी में दो बार, विशाल विश्वास शराब, वाहन चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के तहत पहले भी गिरफ्तार हो चुका है। नदीम चोरी के वाहनों को काटकर कबाड़ी को बेचता है।