कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि महिला अपराधों के मामलों में सीएम कार्रवाई का साहस नहीं दिख पाते हैं। इस वजह से ज्यादातर आरोपी जमानत पर बाहर आ जाते हैं। कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट में उत्तराखंड राज्य हिमालयी राज्यों में महिला अपराध में पहले नंबर पर है। इससे भाजपा राज में महिला की सुरक्षा का आकलन कर सकते हैं।
रविवार को नैनीताल रोड स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता के दौरान माहरा ने कहा कि लोगों के आंदोलन के बाद पुलिस ने भाजपा नेता और नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। कहा कि अब तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। कहा कि उत्तरकाशी में पॉक्सो एक्ट के तहत जो मुकदमा दर्ज हुआ था उसमें पीड़ितों को न तो न्याय मिला है और न ही मुआवजा। इसी तरह श्रीनगर में एक कैबिनेट मंत्री के दबाव के चलते एक बेटी को न्याय नहीं मिल रहा है। कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अगर शुरू से ही मुख्यमंत्री ने साहस दिखाया होता तो आरोपी वीआईपी सलाखों के पीछे पहुंच जाता।
कहा कि हरिद्वार जिले में भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के अध्यक्ष पर मुकदमा दर्ज करवाने के लिए ग्रामीणों को आंदोलन तक करना पड़ा था। चंपावत में भाजपा मंडल अध्यक्ष के ऊपर एक बिटिया के उत्पीड़न का मामला था और आज वह जमानत पर हैं। कहा कि सरकार ऐसे मामलों में पीड़ित के साथ नहीं बल्कि आरोपियों के साथ मजबूती से खड़ी दिखती है। इस दौरान जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट, हरीश मेहता, सतीश नैनवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला दत्त भट्ट, प्रकाश पांडे, सुहैल सिद्दीकी, राजेंद्र बिष्ट (रज्जी), हेमंत बगडवाल, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट, पीसीसी भागीरथी बिष्ट, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष जया कर्नाटक आदि रहीं।
महिला उत्पीड़न पर भाजपा महिला मोर्चा नदारद
माहरा ने कहा कि सल्ट में भाजपा मंडल अध्यक्ष भी बिटिया के साथ दुष्कर्म के मामले तब पकड़ा गया जब कांग्रेस ने धरना प्रदर्शन दिया। चार दिनों तक सरकार और पुलिस भाजपा मंडल अध्यक्ष को बचाती रही। ऊधम सिंह नगर में नर्स हत्याकांड के बाद वहां के पुलिस कप्तान की भाषा काफी अभद्र थी। कहा कि बनभूलपुरा कांड में भी पुलिस और सरकार की कार्यप्रणाली संदिग्ध थी। कहा की महिला उत्पीड़न पर भाजपा का महिला मोर्चा और दुर्गा वाहिनी नदारद है।
सिख समाज ने घटना को बताया शर्मनाक, कठोर कार्रवाई की मांग
महिला अत्याचार के विरोध में निकली रैली
महिला अपराध के खिलाफ अखिल एकता व्यापार मंडल और सहयोगी संगठनों की ओर से मुखानी से शहीद पार्क तक रैली निकाली गई। विरोध में सभी ने एकजुट होकर गुनहगारों को कठोर दंड देने की मांग की। कुमाऊं मंडल अध्यक्ष भुवन भट्ट और संजय त्यागी के नेतृत्व में निकाली गई रैली में वसुधैव कुटुंबकम, जनहित फाऊंडेशन, देवभूमि फार्मासिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष विशाल शर्मा, अनुज कांत अग्रवाल, संजय त्यागी, अतुल गुप्ता, अमित चौहान, नगर अध्यक्ष डिंपल पांडे, प्रदीप जोशी, चंदन सिंह बिष्ट, मुखानी मंडल महामंत्री बालम जोशी, दीपक जोशी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रोहित कर्मयाल, राहुल जोशी, दीपा जोशी आदि रहीं।
भाजपा सरकार का पुतला फूंका