हल्द्वानी व लालकुआं क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों के खिलाफ गौरापड़ाव क्षेत्र में सांकेतिक मौन उपव?
हल्द्वानी। बदहाल सड़कों के बहाने कांग्रेस ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। तीनपानी-लालकुआं सड़क को ठीक कराने की मांग को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गौरापड़ाव में नेशनल हाईवे पर एक घंटे का सांकेतिक मौन उपवास रखा। पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, हरीश दुर्गापाल समेत सैकड़ों कांग्रेसी इसमें शामिल हुए।
मौन उपवास के बाद हरीश रावत ने कहा कि उपवास की चेतावनी के बाद सोमवार को लालकुआं सड़कों में कुछ स्थानों पर गड्ढे भरने का काम किया गया है। अगर मौन उपवास पर ही सरकार की नींद खुलती है तो पूरे प्रदेश में सड़कों को गड्ढामुक्त करने की मांग के लिए ऐसा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उद्योग लगाए, सड़कें बनाईं, बिजली उत्पादन बढ़ाया लेकिन भाजपा ने उद्योगों में रोजगार चौपट किया, भाजपा सरकार में सड़कें में गड्ढे हो गए हैं और बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। पूर्व मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों की यह दुर्दशा है तो राज्य मार्गों का क्या हाल होगा। भाजपा सरकार में विकास कार्य ठप हो गए हैं। संचालन बीडीसी सदस्य गोपाल अधिकारी ने किया।
कल होगा जोरदार प्रदर्शन
हल्द्वानी। हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। इस बार चुनावों में भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है। लोकतंत्र को बचाने के लिए हल्द्वानी में 11 नवंबर को जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, सरिता आर्य, महेश शर्मा, संध्या डालाकोटी, जया बिष्ट, खजान पांडे, प्रयाग दत्त भट्ट, किरन डालाकोटी, रमेश जोशी, संजय किरौला आदि।