हल्द्वानी। स्वास्थ्य विभाग बच्चों की सुरक्षा के लिए कोविड टीकाकरण अभियान चला रहा है। इसी के तहतबुधवार को निमॉनिक कॉवेंट स्कूल में आयोजित कैंप में सुबह 10 बजे से अभियान शुरू हुआ। टीकाकरण को लेकर बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कोविड टीका लगवाने के बाद बच्चों में कोरोना का डर कम हुआ है वहीं अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है। निमॉनिक कॉवेंट स्कूल में 12 से 14 साल के कुल 118 बच्चों ने बुधवार को टीके लगवाए। स्कूल में 15 से 18 साल के सभी 320 बच्चे पहले ही कोविड टीका लगवा चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में अब तक 158 स्कूलों में टीकाकरण कैंप लगाया गया। बताया गया कि जिले में 12 से 14 साल आयु वर्ग के कुल 10775 बच्चों को कोरोना का सुरक्षा कवच लग चुका है। 15 से 17 आयु वर्ग के 48,787 बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। इसी आयु वर्ग के 33,367 बच्चों को कोरोना की दूसरी डोज भी लग चुकी है। जिले में सभी आयु वर्ग के 16 लाख 89 हजार लोग कोविड वैक्सीन लगवा चुके हैं।
छात्रों से बातचीत
कोरोना को लेकर पहले डर था, मगर वैक्सीन लगने के बाद अब सुरक्षित महसूस कर रहा हूं। कोरोना से बचाव के लिए साबुन से समय-समय पर हाथ धोने, मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करें। - इशांत राणा, छात्र
वैक्सीन लगने के बाद कोरोना का डर खत्म हुआ है। कोरोना से बचने के लिए सभी को टीकाकरण कराना चाहिए। कोरोना से बचाव के लिए सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का सभी को पालन करना चाहिए। - तनिष्क जोशी, छात्र
अभिभावकों की प्रतिक्रिया
कोरोना की वैक्सीन लगाने के लिए बच्चों में खुशी है। वैक्सीन लगवाने के बाद बच्चों में कोरोना के खतरे का डर कम हुआ है और अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है। कोविड वैक्सीन लगवाने से ही जीवन की सुरक्षा की जा सकती है। - विमला कार्की, अभिभावक
बच्चों की सेफ्टी के लिए वैक्सीन लगाना बहुत जरूरी है। बच्चों के मन से कोरोना संक्रमण का डर कम करना होगा इसके लिए सभी को वैक्सीन लगवाने होगी। वैक्सीन लगवाने के बाद बच्चे अब चिंता मुक्त नजर आ रहे हैं। - कमला जोशी, अभिभावक
स्कूल प्रबंधन से बातचीत
कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। 15 से 18 साल के सभी बच्चों को वैक्सीन की डोज लग गई है। 12 से 14 साल के 118 बच्चों को वैक्सीन लग गई हैं, जो बच्चे छूट गए उनके लिए कैंप लगाया जाएगा। - कविता बिष्ट, प्रधानाचार्य, निमॉनिक कॉवेंट स्कूल
टीकाकरण को लेकर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। स्कूल की ओर से होर्डिंग लगाकर लोगों को जागरूक किया गया है। डॉक्टरों की छात्रों के साथ चर्चा कराई गई। शहर में जरूरतमंदों को मास्क, सैनिटाइजर बांटे जा रहे हैं। - प्रवींद्र रौतेला, प्रबंधक, सिंथिया पब्लिक स्कूल
सभी स्कूलों को टीकाकरण अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का अनुरोध किया गया है। वैक्सीन लगने से बच्चे तो सुरक्षित होंगे ही साथ ही अभिभावकों में भी कोरोना का डर खत्म होगा।
- कैलाश भगत, अध्यक्ष, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन