हल्द्वानी। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) कोविड से लड़ने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज के मैदान में पांच एकड़ में पांच सौ बेड का फैब्रिकेटेड अस्पताल बनाएगा। 375 बेड ऑक्सीजन प्वाइंट से लैस होंगे जबकि 125 आईसीयू बेड बनेंगे।
डीआरडीओ की ओर से पांच सौ बेड के अस्पताल बनने की खबर अमर उजाला ने बृहस्पतिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की थी। बृहस्पतिवार को रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के पीपीई के नेतृत्व में तीन सदस्यों की टीम मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ टीम ने सर्किट हाउस में बैठक की। सीडीओ नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर के मैदान में 500 बेड का कोविड अस्पताल बनेगा। अस्पताल के लिए डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टॉफ की तैनाती प्रदेश सरकार करेगी।
अस्पताल के स्ट्रेक्चर आदि का निर्माण डीआरडीओ करेगा। निर्माण में लोनिवि सहयोग करेगा, बिजली, पेयजल लाइनों के निर्माण में बिजली विभाग, जलसंस्थान और पेयजल निगम की मदद ली जाएगी। उन्होंने बताया कि डीआरडीओ सदस्यों के निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को सौंपी जाएगी। शासन से स्वीकृति मिलते ही काम शुरू हो जाएगा। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जब से काम शुरू होगा 15 दिन के अंदर अस्पताल तैयार होने की संभावना होगी। डीएम धीराज गर्ब्याल ने कहा कि पांच सौ बेड के अस्पताल के लिए आउटसोर्स से कर्मियों को रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कर्नल रमन त्यागी, डीआरडीओ के मुख्य अभियंता निर्माण गगन बाधवा, मुख्य अभियंता लोनिवि दीपक यादव, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. सीपी भैसोड़ा, एसडीएम विवेक राय, कार्यवाहक सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान विशाल सक्सेना, अधिशासी अभियंता जल निगम आशोक कुमार कटारिया, सुधीर कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि अशोक चौधरी, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता नगर डीएस बिष्ट आदि थे।
कल से 18 से 44 वर्ष वालों का होगा टीकाकरण
हल्द्वानी। डीएम धीराज गर्ब्याल ने कहा कि 18 से 44 वर्ष के लोगों का कोविड टीकाकरण एक मई से होगा। बुधवार से टीकाकरण के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। 18 से 44 आयु वर्ग लोग टीकाकरण के लिए www.cowin.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण कराएंगे। स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों से कहा है कि टीकाकरण के लिए प्रचुर मात्रा में निर्धारित वैक्सीन की व्यवस्था शासन स्तर से कर लें। साथ ही वैक्सीनेशन केंद्रों का चयन कर वहां सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करते हुए पैरामेडिकल स्टॉॅफ की तैनाती भी कर दें।
टीकाकरण से पूर्व रक्तदान की अपील
हल्द्वानी। डीएम धीराज गर्ब्याल ने लोगों से अपील की है कि टीकाकरण से पूर्व रक्तदान अवश्य करें। रक्तकोषों में रक्त की कमी हो सकती है इसलिए रक्तदान अवश्यक करें। कोविड संक्रमण से स्वस्थ हुए लोगों से कहा है कि स्वस्थ होने के 28 दिन बाद अपना प्लाज्मा दान करने के लिए अपना पंजीकरण नाम, पता, ब्लड ग्रुप, कोविड पॉजिटिव होने की तिथि, टीकाकरण होने की तिथि, मोबाइल नंबर के सूचनाओं के साथ कराएं। संक्रमण एवं महामारी के इस दौर में प्लाज्मा दान अवश्य करें। जिले के लिए https://tinyurl.com/plasmaDonorNtl पोर्टल बनाया गया है।
गर्भवती महिलाएं और 55 वर्ष से अधिक आयु वाले घर से करेंगे काम
हल्द्वानी। शासन के आदेश के बाद डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने 50 प्रतिशत उपस्थिति के साथ सरकारी कार्यालय खोलने के आदेश दिए हैं। गर्भवती महिलाएं या जिनके बच्चे दस वर्ष से कम उम्र के हैं और 55 वर्ष से अधिक आयु के गंभीर बीमारी से ग्रस्त लोग घर से काम करेंगे। शासकीय कार्यालयों में समूह समूह ग और घ के कार्मिकों की उपस्थिति को 50 प्रतिशत तक रोटेशन के आधार पर सीमित रखा जाएगा। शासकीय कार्यालयों में कार्यरत दिव्यांग कार्मिकों को कार्यालय में उपस्थित में छूट रहेगी। शासकीय कार्यों में आवश्यकता पड़ने पर किसी भी कार्मिक को कार्यालय बुलाया जा सकेगा।