लालकुआं (नैनीताल)। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ को राष्ट्रीय स्तर पर लघु डेरी सहकारिता के क्षेत्र में गुणवत्ता युक्त उत्पादन किए जाने पर केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन व गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने द्वितीय पुरस्कार दिया। यह पुरस्कार आनंद पद्धति गुजरात में राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड द्वारा आयोजित डेरी उत्कृष्टता पुरस्कार कार्यक्रम में दुग्ध संघ अध्यक्ष भरत सिंह नेगी और सामान्य प्रबंधक अजय क्वीरा ने प्राप्त किया। उन्हें दो लाख रुपये का चेक, प्रतीक चिन्ह और प्रशस्ति पत्र सौंपा गया। साथ ही रामनगर के पापड़ी महिला दुग्ध समिति सदस्या विनीता देवी को वर्ष में 46 हजार लीटर दूध की आपूर्ति करने पर प्रथम उत्कृष्ट महिला उत्पादक पुरस्कार से सम्मानित करते हुए 11 हजार रुपये का चेक दिया गया। नैनीताल दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अजय क्वीरा ने बताया कि नेशनल एक्सीलेंसी अवार्ड के लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड की टीम ने बीते दिनों यहां पहुंचकर जांच की थी। बताया कि पहला पुरस्कार तेलंगाना राज्य को मिला है। दुग्ध विकास विभाग के निदेशक संजय खेतवाल ने कहा कि यह पुरस्कार जीतना उत्तराखंड दुग्ध विकास विभाग के लिए अत्यंत गौरव की बात है।
1948 में हुई थी दुग्ध संघ की शुरूआत
लालकुआं (नैनीताल)। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ की शुरूआत 1948 में हुई थी। सात दुग्ध समितियों से 611 लीटर प्रतिदिन दुग्ध उपार्जन और 376 लीटर प्रतिदिन दूध बिक्री से प्रारंभ की गई इस संस्था की वर्तमान में हैंडलिंग क्षमता एक लाख लीटर प्रतिदिन के सापेक्ष 98 हजार लीटर है। दुग्ध संघ द्वारा जनपद की दुग्ध समितियों को आनंद पद्धति की तर्ज पर विकसित कर ग्रामीण अंचलों में दुग्ध उत्पादन को सुलभ कराया जा रहा है।