हल्द्वानी। डेंगू को लेकर न तो जिला प्रशासन गंभीर है और न ही स्वास्थ्य विभाग। डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम आदर्श नगर के बाहर निकलने को तैयार नहीं है।
सुशीला तिवारी अस्पताल में बृहस्पतिवार को डेंगू के दो नए मरीजों को भर्ती कराया गया है, जबकि छह पुराने मरीज पहले से भर्ती हैं। योगेश (15) निवासी कुसुमखेड़ा, मो. अकरम (40) निवासी अफजलगढ़ बिजनौर को भर्ती कराया गया है। दूसरी ओर 25 सितंबर से स्वास्थ्य विभाग की टीम आदर्श नगर में ही सर्वे कर रही है। रिपोर्ट बनाने को एक खाका तैयार किया गया है और आंकड़े भरकर हर रोज कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। एलायजा जांच के लिए 25 और 26 सितंबर को चार मरीजों के नमूने भेजे गए थे, लेकिन उनकी रिपोर्ट नहीं आई। टीम ने बृहस्पतिवार को एक भी मरीज कार्ड टेस्ट के लिए नहीं भेजा। लालकुआं, रामनगर समेत अन्य क्षेत्रों से भी डेंगू के मरीज आ रहे हैं। मगर अधिकारी फील्ड में जाने को तैयार नहीं है। इस संबंध में सीएमओ डॉ. एचके जोशी से पूछा गया तो बोले पता करता हूं कि क्या मामला है।