एक ही स्कूल में पढ़ने वाले तीन छात्रों ने आठवीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा से गैंगरेप किया। और मुंह न खोलने की धमकी देकर फरार हो गए। गैंगरेप से पहले तीनों ने शराब पी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला हरिद्वार जिले का है।
पुलिस के मुताबिक तीन फरवरी को पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव की चौदह वर्षीय रीमा (परिवर्तित नाम) घर में अकेली थी। उसके पिता का देहांत हो चुका है। मां दूसरों के घरों में काम कर गुजर-बसर करती है। घटना वाली रात रीमा की मां एक शादी समारोह में काम करने गई थी। इसी दौरान गांव के ही तीन किशोरों ने रीमा के एक मित्र के साथ शराब पी। इसके बाद तीनों आरोपी रीमा के मित्र के साथ उसके घर में घुस गए।
रिपोर्ट के अनुसार, नशे में बेसुध होने के कारण रीमा का दोस्त वहीं सो गया। बाकी तीनों आरोपियों ने रीमा को धमकाकर उससे बलात्कार किया। इसके बाद तीनों रीमा को मुंह बंद रखने की धमकी देकर फरार हो गए।
समझौते के लिए दबाव
पुलिस ने बताया कि इस बीच रीमा कुछ दिनों के लिए अपने मामा के घर चली गई थी। लौटने पर उसने मां को घटना की जानकारी दी। पिछले तीन दिनों से गांव के कुछ लोग मां-बेटी पर समझौते के लिए दबाव बना रहे थे। सोमवार को मां अपनी बेटी के साथ थाने पहुंच गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों किशोरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी किशोर 10वीं और 11वीं के छात्र बताए जा रहे हैं।