तहसील प्रशासन की ओर से नगर निगम के सभी 40 वार्डों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्डों के घर-घर सत्यापन के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पूर्ति विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपने राशन कार्डों का सत्यापन कराने की अपील की। कहा कि सत्यापन न होने की दशा में राशन कार्ड निरस्त हो सकते हैं।
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि राशन कार्डों के सत्यापन के लिए शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग आदि विभागीय कर्मियों की टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने टीमों को निर्धारित प्रपत्रों पर शत प्रतिशत घर-घर जाकर जांच करने और राशन कार्डों का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्डों के सत्यापन के लिए बनाई गई टीमों के प्रभारियों को पूर्ति निरीक्षक कार्यालय कोटद्वार से समन्वय स्थापित कर सत्यापन का कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश भी दिए। सत्यापन कार्ड के प्रबंधन के लिए पूर्ति निरीक्षक करण क्षेत्री को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने सत्यापन कार्य की दैनिक रिपोर्ट उन्हें व जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।