कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने कहा कि सरकार प्रदेश में उद्यमिता के विकास को लेकर गंभीर है। कोटद्वार में स्थित रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर उद्यमिता विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कड़ी है। वे रूरल बिजनेस इंक्यूबेटर कोटद्वार में आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थीं।
शनिवार को हुए कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार जिस तरह से उद्यमिता को बढ़ावा देने में जुटी है, वह निश्चित ही उत्तराखंड की मजबूत आधारशिला बनेगी। आज शहरी ही नहीं ग्रामीण महिलाएं भी और युवक ही नहीं युवतियां भी स्टार्टअप की ओर कदम बढा़ रहे हैं। सभी अपने व्यवसाय को स्थापित कर उसमें नवीन प्रयोगों द्वारा स्थानीय स़ंसाधनों पर आधारित वस्तुओं का निर्माण कर अपने साथ अपने क्षेत्र के कई लोगों की आजीविका व स्वरोजगार देने की दिशा में बढ़ रहे है।
विधानसभा अध्यक्ष ने उद्यमिता के माध्यम से व्यवसाय कर रहे लोगों द्वारा निर्मित एवं प्रदर्शित वस्तुओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अगर बेरोजगारी को कम करना है, तो उद्यमिता के द्वारा स्वरोजगार सृजन कर हम कई लोगों को रोजगार दे सकते हैं। उन्होंने उद्यमिता के क्षेत्र में कार्य कर रहे सभी विभागीय अधिकारियों को विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक करने के लिए निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रबंधक तनुज पुंडीर, दर्शन उनियाल, प्रशांत कुकरेती, मंडल अध्यक्ष हरी सिंह पुंडीर, उर्वशी अग्रवाल, शर्मिला नेगी, सुधीर गौड़ आदि उपस्थित रहे।