ग्रामीण हिमालय अध्ययन एवं संरक्षण संस्था की ओर से अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ निषेध दिवस के अवसर पर रैली निकाली गई। रैली में छात्र-छात्राओं ने लोगों को देखकर हमारा बुजुर्ग रो रहा है, नशा आज युवाओं को तोड़ रहा है... समेत स्लोगन लिखे पोस्टरों के माध्यम से मादन पदार्थों का सेवन नहीं करने के लिए जागरूक किया। साथ ही स्वयं मादक पदार्थों से दूर रहने का संकल्प लिया।
रविवार को संस्था ने विभिन्न विद्यालयों और राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार के छात्र-छात्राओं के सहयोग से जन जागरूकता रैली निकाली। रैली सनेह क्षेत्र के रतनपुर स्टेट बैंक से शुरू होकर, गाड़ीघाट, कुंभीचौड़ होते हुए रतनपुर में संपन्न हुई। इस दौरान छात्रों ने हाथ में विभिन्न प्रकार के स्लोगन लिखे हुए पोस्टर पकड़े हुए थे। उन्होंने, देखकर हमारा बुजुर्ग रो रहा है, नशा आज युवाओं को तोड़ रहा है..., नशा करता है खराब, मिलकर करो इसका बहिष्कार..., जो है नशे का शिकार, वही है गंभीर बीमारी से बीमार..., नशा करोगे तो जीवन भर रोओगे..., नशा अपनाओगे तो खुशियों से दूर हो जाओगे..., नशा है धीमा जहर, जो छीन लेता है प्राण..., नशे से दोस्ती, गृह क्लेश और मार पिटाई... आदि स्लोगनों से लोगों को जागरूक किया। रैली के समापन पर संस्था के पदाधिकारियों ने लोगों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी दी। इस अवसर पर संस्था से परियोजना निदेशक कुलदीप सिंह गुसाईं, संस्था कार्यकर्ता गोपाल दत्त, चंद्रकला देवी, अजय राणा, रश्मि बिष्ट, दीपक कुमार, महिपाल सिंह, शशि, किरन और अनीता आदि मौजूद थे।