नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश पर कोटद्वार में नगर निगम और प्रशासन ने हाईवे पर फुटपाथ व नगर निगम की नजूल भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाने का कार्य रविवार को भी जारी है। वहीं हाईवे पर टूट रहे भवनों के मलबे से उड़ रही धूल होने के कारण स्थानीय लोगों का जीना मुहाल है।
23 जून को नगर निगम प्रशासन ने कोटद्वार के लालबत्ती चौक से एमटी कैंप तिराहे तक और झंडाचौक से तहसील तिराहे तक कुल 49 अतिक्रमणों पर जीसीबी चला दी थी। मकान मालिकों के आग्रह पर अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त नहीं किया गया। इसके बाद एसडीएम ने लोगों को स्वयं पूरा अतिक्रमण तोड़ने का निर्देश देकर जीसीबी की कार्रवाई बंद कर दी थी। तब से आज तक लोग स्वयं अपने भवनों को तोड़कर अतिक्रमण हटा रहे हैं। हाईवे के दोनों ओर टूट रहे भवनों के कारण पूरे क्षेत्र में धूल फैली हुई है। निकटवर्ती घरों में धूल जाने से लोग परेशान हैं। इससे बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। लोग नगर निगम से पानी का छिड़काव करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन निगम प्रशासन मामले में लापरवाह बना हुआ है। कुलदीप शर्मा, दीपक कुमार, एके अग्रवाल, राजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मलबे से उड़ रही धूल से बच्चे और बुजुर्गों में एलर्जी की शिकायत हो रही है। धूल के कारण निकटवर्ती घरों, दुकानों और कार्यालयों में बैठना मुश्किल हो गया है। उन्होंने नगर निगम से मलबे पर पानी का छिड़काव करने की मांग की।
टूट रहे भवनों के मलबे से उड़ रही धूल की शिकायत आई है। धूल को दबाने के लिए पानी का छिड़काव किया जाएगा। - सुनील कुमार सिंह, सफाई निरीक्षक नगर निगम कोटद्वार।