कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद 23 वर्षों से फरार चल रहे एक अपराधी को कोटद्वार पुलिस और सीआईयू ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपराधी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां न्यायालय के आदेश पर उसे पौड़ी जेल भेज दिया गया।
सीओ अनिल जोशी ने बताया कि कोटद्वार में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने के बाद अपराधी संजय भातु निवासी हरथला सिविल लाइन मुरादाबाद यूपी 26 अक्तूबर 1998 से कोटद्वार से फरार चल रहा था। एसएसपी पी. रेेणुका देवी के निर्देश पर फरार अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक सीआईयू विजय सिंह और एसआई विकसित पंवार के नेतृत्व में पुलिस की टीम बनाई गई। इसके बाद ठोस पड़ताल करने के बाद 21 अगस्त को उसे भातु कालोनी हरथला शेरावाली मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि उसको न्यायालय के सामने पेश किया गया, जहां पर कोर्ट के आदेश पर अपराधी को पौड़ी जेल भेज दिया गया।