उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संगठन गढ़वाल क्षेत्र के अंतर्गत चार प्रभागों कर्णप्रयाग, पौड़ी, कोटद्वार और हरिद्वार में सांगठनिक चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई है। चारों प्रभागों में नामांकन पत्र दाखिल करने, नामांकन पत्रों की जांच और मतदान की तिथि घोषित कर दी गई है।
गढ़वाल क्षेत्र के अध्यक्ष जेपी बहुखंडी ने बताया कि कर्णप्रयाग वन प्रभाग के प्रभागीय संगठन के चुनाव पांच अगस्त को होंगे। तीन अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल होंगे, इसी दिन उनकी जांच का काम भी पूरा कर लिया जाएगा। चुनाव के लिए प्रेमचंद घिल्डियाल को मुख्य चुनाव अधिकारी और दलवीर सिंह रावत को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है।
पौड़ी प्रभाग में 11 अगस्त को चुनाव कराए जाएंगे, जिसके लिए नौ अगस्त को नामांकन और जांच का काम पूरा कर लिया जाएगा। पौड़ी के लिए महेश चौधरी को मुख्य चुनाव अधिकारी और हरि सिंह रावत को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। विक्रय प्रभाग कोटद्वार में 14 अगस्त को मतदान होगा। दो दिन पूर्व 12 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे और इसके बाद जांच की जाएगी। यहां के लिए नैन सिंह सौंद को मुख्य चुनाव अधिकारी और पूरण सिंह राठौर को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। हरिद्वार में 18 अगस्त को चुनाव कराए जाएंगे और 16 को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसी दिन नामांकन पत्रों की जांच का काम पूरा कर लिया जाएगा। यहां के लिए अशोक कुमार को मुख्य चुनाव अधिकारी और नरेंद्र सिंह बिष्ट को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि सभी प्रभागों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, संयुक्त मंत्री, कोषाध्यक्ष, प्रचार मंत्री के लिए चुुनाव प्रक्रिया कराई जाएगी।