कोटद्वार के मोटाढाक में अंतर विद्यालयी बालिका वालीबॉल प्रतियोगिता जीतने के बाद ट्रॉफी के साथ खु
- फोटो : KOTDWAR
नवयुग सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल की ओर से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ’ अभियान के तहत आयोजित छठवीं बालिका अंतर विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता नवयुग पब्लिक स्कूल के नाम रही। एएसपी कोटद्वार मनीषा जोशी ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की।
मोटाढाक स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले गए। पहला सेमी फाइनल मैच नवयुग पब्लिक स्कूल और स्कॉलर एकेडमी के बीच खेला गया, जिसमें नवयुग ने स्कॉलर को 2-1 से हराकर फाइनल में स्थान बनाया। दूसरे सेमीफाइनल में एमकेवीएन ने महर्षि विद्या मंदिर को 2-0 से हराकर फाइनल मैच में जगह बनाई। फाइनल मैच नवयुग पब्लिक स्कूल और एमकेवीएन स्कूल के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच जीत को लेकर कांटे की टक्कर हुई, लेकिन मैच के अंतिम समय में मेजबान टीम नवयुग के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एमकेवीएन को 2-1 से हराकर छठवीं अंतरविद्यालयी बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता 2021 की चैंपियनशिप अपने नाम की। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने पर नवयुग की सरिता को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, साक्षी को बेस्ट सेटर, कशिश को बेस्ट डिफेंडर, अनामिका को इमर्जिंग प्लेयर और एमकेवीएन की कनिष्का को बेस्ट स्मैशर का खिताब देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर पूर्व डिप्टी सेक्रेटरी सुरेंद्र सिंह चौहान, पार्षद कुलदीप रावत, विद्यालय के संस्थापक हुकुम सिंह नेगी, प्रबंधक डीसीएस नेगी, प्रधानाचार्या नीलम नेगी के साथ विद्यालय के शिक्षक मौजूद थे।