स्वदेशी जागरण मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न मुद्दों को लेकर पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल से उनके देहरादून स्थित आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जल संस्थान की ओर से पशुपालकों से व्यावसायिक बिल वसूलने पर रोष जताते हुए इस पर रोक लगाने की मांग की।
स्वदेशी जागरण मंच की संघर्ष वाहिनी के प्रांत प्रमुख प्रवीण पुरोहित ने कहा कि सरकार एक तरफ स्वरोजगार बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर सब्सिडी दे रही है, वहीं दूसरी ओर गाय पालन कर रहे लोगों से जल संस्थान व्यावसायिक बिल थमा रहा है। कहा कि कोटद्वार भाबर के खूनीबड़ में पेयजल समस्या को देखते हुए ट्यूबवेल स्वीकृत करने, पेयजल लाइनों का पुनर्गठन करने और कण्वाश्रम संपर्क मार्ग बनाने की मांग भी की। पेयजल मंत्री ने उत्तराखंड जल संस्थान के महाप्रबंधक को फोन कर कार्यवाही के लिए निर्देशित किया। साथ ही सड़क के निर्माण के लिए जिलाधिकारी को पत्र लिखा है। प्रतिनिधिमंडल में प्रांत संयोजक सुरेंद्र सिंह, मेहरबान सिंह रावत और वरुण ईष्टवाल आदि शामिल रहे। संवाद