सिद्धबली एजूकेशनल ग्रुप किशनपुरी की ओर से दुग्ध विकास योजना के तहत सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। प्रशिक्षण के पहले दिन बुधवार को पशुपालकों को दुग्ध उत्पादन से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। कहा गया कि दुग्ध उत्पादन के लिए बैंकों की ओर से बिना ब्याज का एक लाख का ऋण दिया जाएगा।
किशनपुरी में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी और मेयर हेमलता नेगी ने किया। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि बेरोजगार युवाओं को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की जरूरत है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके। मेयर हेमलता नेगी ने प्रशिक्षण ले रह लोगों को बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्रशिक्षण संचालक संजय द्विवेदी ने बताया कि कार्यक्रम में 40 महिला एवं पुरुषों को दुग्ध उत्पादन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें दुग्ध उत्पादन की गुणवत्ता एवं क्षमता बढ़ाने की बारीकियां बताई जाएंगी। साथ ही दुग्ध उत्पादन करने वाले लोगों को बैंकों के माध्यम से बगैर ब्याज का एक लाख तक का ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा। इस मौके पर पार्षद सुखपाल शाह, पूर्व प्रधान हरि सिंह रावत, राजेन्द्र चौहान, जितेंद्र सिंह रावत, नरेंद्र सिंह, महेश सहित प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।