उत्तराखंड रजिस्ट्रार कानूनगो संघ की ओर से नौ सूत्री मांगों के निराकरण को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल तहसील में बुधवार को अट्ठारहवें दिन भी जारी रही। संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी मांगों पर निर्णय नहीं होने से रजिस्ट्रार कानूनगो क्षुब्ध हैं।
कहा कि संघ नायब तहसीलदार एवं सहायक भूलेख अधिकारी के पदों पर पदोन्नति का न्याय संगत कोटा निर्धारित करने, रजिस्ट्रार कानूनगो के पदों का पुनर्गठन करने आदि की मांगों को लेकर राजस्व परिषद देहरादून, पौड़ी और तहसील मुख्यालय में धरना लगातार जारी है। अब मांगों के समर्थन में 22 नवंबर को राजस्व परिषद के प्रांगण में क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा, जिसमें प्रतिदिन चार लोग प्रतिभाग करेंगे। 25 नवंबर को प्रदेश के समस्त रजिस्ट्रार कानूनगो राजस्व परिषद प्रांगण में एकत्रित होकर रजिस्ट्रार कानूनगो के पद का सामूहिक परित्याग कर राजस्व उपनिरीक्षक के मूल पद पर प्रत्यावर्तित करने के लिए आयुक्त/सचिव को सामूहिक प्रत्यावेदन देंगे। साथ ही नौ सूत्री मांग पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। कोटद्वार तहसील में धरने पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, कैलाश मंद्रवाल, दीपक वेदवाल, देवकीनंदन नौटियाल और अंकित वर्मा आदि शामिल रहे।