जीआईसी कण्वघाटी स्थित वैक्सीनेशन सेंटर में एक स्वास्थ्य कर्मी ने फोन पर बात करते हुए एक युवक को बिना दवा भरे इंजेक्शन लगा दिया। हालांकि बाद में स्वास्थ्य कर्मी ने अपनी भूल मानते हुए दोबारा वैक्सीन लगाई।
पदमपुर कोटद्वार निवासी मोहित सिंह ने बताया कि वह बुधवार को करीब 12 बजे जीआईसी कण्वघाटी में वैक्सीन लगवाने के लिए गए थे। एक स्वास्थ्य कर्मी ने मोबाइल पर बात करते हुए उसे वैक्सीन लगाई। इसकी उन्होंने वीडियो बनाई। बाद उन्होंने बाहर जाकर वीडियो देखा तो इंजेक्शन में वैक्सीन की डोज नहीं दिखाई दी। उन्होंने वैक्सीन लगाने वाले स्वास्थ्य कर्मी से शिकायत करते हुए उसे वीडियो दिखाया। इसपर स्वास्थ्य कर्मी ने अपनी भूल मानते हुए उन्हें दूसरे इंजेक्शन में दवा भरकर लगाई।