उत्तराखंड संस्कृत अकादमी हरिद्वार की ओर से पौड़ी जिले की दो दिवसीय जनपद स्तरीय संस्कृत छात्र प्रतियोगिता के पहले दिन कनिष्ठ वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। समूहगान प्रतियोगिता में जीजीआईसी कलालघाटी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
एमकेवीएन शिब्बूनगर में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन लैंसडौन के विधायक महंत दिलीप रावत ने किया। सीईओ पौड़ी दिनेश चंद्र गौड़ और बीईओ दुगड्डा अयाजुद्दीन ने प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।
अकादमी के राज्य संयोजक हरीश गुरुरानी बताया प्रतियोगिता के पहले दिन कनिष्ठ वर्ग में समूह गान, नाटक, समूह नृत्य, वाद-विवाद, आशु भाषण, श्लोक उच्चारण प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। समूह गान प्रतियोगिता में जीजीआईसी कलालघाटी ने प्रथम, जीजीआईसी लैंसडाैन ने द्वितीय, जीआईसी धुमाकोट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में जनपद के सभी 15 ब्लॉक के विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर अकादमी के प्रशासनिक अधिकारी किशोरी लाल रतूड़ी, जनपद संयोजक रोशन गौड़, सह संयोजक रमाकांत कुकरेती, कुलदीप मैंदोला आदि मौजूद रहे।