मालिनी पार्षद संघ ने भाबर की विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई है। मांग को लेकर पार्षदों ने नगर आयुक्त पीएल शाह और लोनिवि दुगड्डा के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में उन्होंने बताया कि उनके वार्डों में लोनिवि की सड़कों के किनारे अंधाधुंध झाड़ियां उग रही हैं। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न स्थानों पर सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं और निकासी नालियां चोक हैं। इससे बरसाती पानी सड़क में बह रहा है और सड़कें लगातार क्षतिग्रस्त हो रही हैं। लोगों के घरों के भीतर भी पानी घुस रहा है। ज्ञापन में वार्डों में सफाई कर्मचारियों की कमी को देखते हुए उन्हें बढ़ाने की मांग की गई। लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों की मरम्मत शीघ्र कराने व सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों को जल्द कटवाने का भरोसा दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद संघ के अध्यक्ष जगदीश मेहरा, बीएमसी के डायरेक्टर एवं पार्षद सुखपाल शाह, बीएमसी के अध्यक्ष राकेश बिष्ट, सचिव अमित नेगी, विवेक शाह आदि शामिल रहे।