कोटद्वार। शहर से सटे बालासौड़ और मानपुर मोहल्ले में चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर नकदी और लाखों के जेवर पर हाथ साफ किए।
मंगलवार की रात चोरों ने बालासौड़ में इंटर कालेज सुखरो के पीछे की गली में रामपाल सिंह के घर के ताले तोड़ डाले। सुबह जब पड़ोसियों ने घर के ताले टूटे देखे, तो इसकी सूचना पुलिस और भवन स्वामी को दी। सूचना पर पहुंचे रामपाल सिंह ने बताया कि वे परिवार के साथ एक शादी में गए थे। घर से 25 हजार नकदी, तीन सोने की अंगूठी, टाप्स, मोबाइल, छह एटीएम कार्ड गायब हैं।
उधर, मानपुर में मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे किराए में रह रही शिक्षिका शैलजा लखेड़ा पत्नी राहुल लखेड़ा और मकान मालिक एचएल गुसाईं के कमरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवर साफ हो गए। शैलजा ने बताया कि वह शाम को घर से बाहर गई थी, एक-डेढ़ घंटे बाद लौट कर आई तो घर का ताला टूटा था और लॉकेट, चेन, पेंडेंट, टॉप्स, एक जोड़ी झुमके और एक अंगूठी गायब थी। चोरों ने मकान मालिक एचएस गुसाईं के कमरों के ताले भी तोड़े। मकान मालिक बाहर होने के कारण चोरी हुए सामान का ब्योरा नहीं मिल पाया है। बुधवार सुबह प्रभारी कोतवाल एसएसआई राकेंद्र कठैत, एसआई डीएस बिष्ट, केडी शर्मा, सूरत शर्मा ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया।