कोटद्वार। कोटद्वार कोतवाली और बाजार पुलिस चौकी से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर पुराने सिद्धबली मार्ग और मालगोदाम रोड पर मंगलवार रात चोरों ने तीन दुकानों के ताले तोड़कर वहां रखी हजारों रुपये की नकदी और स्मार्ट फोन उड़ा लिए। एक रात में चोरी की तीन घटनाओं से पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मंगलवार सुबह तीन दुकानदारों की ओर से कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई। व्यापारियों ने बताया कि सोमवार शाम को वे रोजाना की तरह दुकानें बंद कर घर चले गए। मंगलवार सुबह जब दुकानों पर आए तो ताले टूटे मिले, जिससे उनके होश उड़ गए। पुराने सिद्धबली मार्ग पर इंडेन की सिद्धबली गैस एजेंसी के कार्यालय में चोर ताला तोड़कर वहां रखी करीब 2100 रुपये की नकदी और एक मोबाइल उड़ा ले गए। प्रबंधक सुनील कुमार मौर्य ने पुलिस को बताया कि चोरों ने ऊपरी मंजिल पर स्थित कमरे पर लगे दो ताले तो तोड़ दिए, लेकिन दोनों ताले आपस में इस तरह उलझ गए कि चोर दरवाजा नहीं खोल सके। इससे वहां सामान चोरी होने से बच गया।
दूसरी घटना माल गोदाम रोड पर अनिल कुमार अग्रवाल के प्रोविजन स्टोर में हुई। यहां चोर ताले तोड़कर अंदर घुसे, लेकिन अंदर पत्तल और दोने समेत अन्य सामान पर उन्होंने हाथ नहीं लगाया। इसके बाद चोरों ने मालगोदाम रोड और स्टेशन रोड के मोड़ पर स्थित एक मोबाइल शॉप वेदी स्टोर के ताले तोड़े। वहां से चोर 85 हजार रुपये की नकदी और 24 स्मार्ट फोन उड़ा ले गए। सूचना मिलते ही बाजार चौकी इंचार्ज प्रदीप नेगी, प्रभारी कोतवाल राकेंद्र कठैत, सीओ जेआर जोशी और एएसपी डा. हरीश वर्मा ने घटनास्थल का मुआयना किया। एएसपी ने अधीनस्थों को सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले का खुलासा करने का निर्देश दिया।
-फोटो